बिलासपुर, 15 अप्रैल | कोनी थाना क्षेत्र
कोनी थाना अंतर्गत ग्राम निरतु में मंगलवार शाम एक रहस्यमय और अंधविश्वास से जुड़ा मामला सामने आया, जब ग्रामीणों ने श्मशान घाट में तंत्र क्रिया करते हुए 12 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। ये सभी लोग ऑटो से आए थे और स्थानीय नहीं थे — जानकारी के मुताबिक, वे छत्तीसगढ़ के बाहर के रहने वाले हैं।
श्मशान में नींबू, मिर्च, सिंदूर और सब्बल से कर रहे थे तांत्रिक क्रिया
ग्रामीणों ने बताया कि संदिग्ध लोग पीपल के पेड़ के नीचे सब्बल गाड़कर कुछ विशेष तांत्रिक क्रियाएं कर रहे थे। मौके से नींबू, मिर्च, सिंदूर, काले कपड़े, और अन्य तंत्र-सामग्री बरामद हुई है। स्थानीय लोगों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया और तत्काल कोनी पुलिस को सूचना दी।
चार महिलाएं और आठ पुरुष शामिल, सभी हिरासत में
पकड़े गए लोगों में चार महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं। सभी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि यह समूह विशेष तांत्रिक अनुष्ठान के उद्देश्य से ग्राम निरतु आया था।
क्या है इनका मकसद? पुलिस कर रही पड़ताल
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तंत्र-सामग्री जब्त की और सभी आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। अब यह जांच का विषय है कि इनका मकसद क्या था — अंधविश्वास से जुड़ी साधना, किसी के खिलाफ टोटका, या फिर इसके पीछे कोई और साजिश?
ग्रामीणों ने दिखाई सतर्कता
इस पूरे मामले में ग्राम निरतु के ग्रामीणों की सतर्कता की सराहना की जा रही है, जिन्होंने समय रहते इस गतिविधि को रोका और पुलिस को सूचना देकर एक बड़ा अनिष्ट होने से बचा लिया।
0 Comments