"फैक्ट्री में हुई चोरी का सिरगिट्टी पुलिस ने किया पर्दाफाश, तीन आरोपी चढ़े हत्थे"

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक फैक्ट्री में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल बरामद कर लिया गया है, जिसकी कीमत करीब 27,800 रुपये बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 5 जून 2025 को फैक्ट्री के मालिक जब कार्यस्थल पहुंचे तो वहाँ कार्यरत मजदूरों—लक्ष्मी और जीवराखन—ने बताया कि फैक्ट्री में चोरी हो चुकी है। चोर फैक्ट्री से केबल, वेल्डिंग मशीन का कॉपर, ट्रैक्टर ट्रॉली का कमानी सेट (दो नग) और लोहे के कटिंग टुकड़े समेत कुल 27,800 रुपये की सामग्री ले उड़े थे।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर)  राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइंस) निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिरगिट्टी रजनीश सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर तीन संदेहियों को चिन्हित किया। पूछताछ में आरोपियों—आकाश लोधी (उम्र 19 वर्ष, निवासी तिफरा), दीनानाथ रजक उर्फ छोटू (उम्र 18 वर्ष 5 माह, निवासी कोरियापारा तिफरा) और एक अपचारी बालक—ने चोरी की बात कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि चोरी का सामान आपस में बाँट लिया गया था।

पुलिस ने सभी के कब्जे से चोरी की सम्पत्ति बरामद कर ली है। जहां दो आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, वहीं अपचारी बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में कांस्टेबल रवि यादव, लक्ष्मी कश्यप और मनोज बघेल की अहम भूमिका रही।

सिरगिट्टी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर साबित हुआ है कि जिले में अपराध कर पाना आसान नहीं है।

Post a Comment

0 Comments