बिलासपुर के सबसे पॉश इलाकों में शुमार होटल प्रीत के बाजू में हाल ही में खुली प्रीमियम शराब दुकान आज सुबह एक बड़ी चोरी की वारदात का शिकार हो गई। चोरों ने इतनी सफाई और सटीक प्लानिंग से घटना को अंजाम दिया कि दुकान में तैनात सुरक्षाकर्मी को भनक तक नहीं लगी।
छत काटकर घुसे चोर
जानकारी के अनुसार चोरों ने दुकान की फॉल सीलिंग को काटकर अंदर प्रवेश किया और कैश काउंटर से लाखों रुपये लेकर फरार हो गए। चोरों की संख्या दो से तीन बताई जा रही है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।
गार्ड बना 'साइलेंट वॉचमैन'!
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के समय दुकान में एक सुरक्षाकर्मी मौजूद था, फिर भी न तो उसे कुछ पता चला और न ही किसी प्रकार की प्रतिक्रिया सामने आई। यह सवाल खड़ा करता है कि क्या गार्ड सो रहा था, या इस घटना में कोई भीतरी मिलीभगत तो नहीं?
5 से 6 लाख की चोरी की आशंका
सूत्रों के मुताबिक चोर 5 से 6 लाख रुपये तक कैश ले उड़े हैं, हालांकि अभी तक पुलिस या दुकान प्रबंधन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
क्या थी पुलिस की पेट्रोलिंग?
हैरानी की बात यह भी है कि जिस इलाके में यह दुकान है, वहां पुलिस की नियमित गश्त होती है। ऐसे में यह सवाल उठना लाज़मी है कि जब चोर फॉल सीलिंग काट रहे थे और इतनी बड़ी रकम लेकर निकल गए, तब गश्त कर रही पुलिस कहाँ थी?
अब सवाल उठते हैं—
क्या यह चोरी महज़ एक वारदात है या कोई संगठित गिरोह सक्रिय हो चुका है?
गार्ड की भूमिका संदिग्ध क्यों लग रही है?
क्या शराब दुकानों में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम हैं या सिर्फ औपचारिकता?
पुलिस के लिए यह केस नाक की लड़ाई बन चुका है, और शहर की जनता जवाब चाहती है।
बिलासपुर टाइम | ग्राउंड रिपोर्टिंग
रिपोर्ट: शेष यादव
0 Comments