हौसले बुलंद हो तो अंधेरे में भी चिराग जलते हैं। इसी कहावत को सच कर दिखाया है बिलासपुर के शोभनाथ यादव ने, जिन्होंने अपने जुनून और फौलादी हौसले से न सिर्फ गोल्ड मेडल जीता, बल्कि पूरे पुलिस विभाग और शहर का नाम रोशन कर दिया।
दिल्ली में 11 से 13 अप्रैल 2025 तक आयोजित चौथी राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शोभनाथ यादव ने हैमर थ्रो में गोल्ड मेडल और तवा फेंक में सिल्वर मेडल हासिल किया है। वे वर्तमान में बिलासपुर के सिविल लाइन थाना में सहायक उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्हें कोलंबो (श्रीलंका) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है, जो स्वयं में प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
पहले भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुके शोभनाथ ने एक बार फिर साबित किया है कि मेहनत और लगन के आगे कोई दीवार नहीं टिक सकती। उनकी इस सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित जिले और राज्य के सभी खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाइयाँ और शुभकामनाएँ दी हैं।
शोभनाथ यादव ने न सिर्फ बिलासपुर, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम खेल जगत में ऊँचाई तक पहुँचाया है।
0 Comments