रायपुर, 3 जून 2025
रायपुर रेंज के साइबर थाना द्वारा ऑपरेशन साइबर शील्ड" के अंतर्गत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल बैंक खातों के संचालन में शामिल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारियाँ ओडिसा, धमतरी और रायपुर से की गईं। कुछ आरोपियों के खिलाफ पूर्व में NDPS एक्ट, आर्म्स एक्ट व अन्य प्रतिबंधात्मक धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज हो चुके हैं।
IG रेंज रायपुर ने साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए थे। इसी के तहत सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक में खोले गए 104 संदिग्ध म्यूल खातों में 36 लाख रुपए की साइबर ठगी सामने आई। मामले में अपराध क्रमांक 44/25 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) बी एन एस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसके अतिरिक्त आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में 22 म्यूल खातों से जुड़ी साइबर ठगी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 78/25 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) बी एन एस दर्ज हुआ है। इन दोनों मामलों की विवेचना रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा की जा रही है।
प्राथमिक जांच और तकनीकी विश्लेषण से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी इन म्यूल बैंक खातों को किराए पर लेकर खुद ऑपरेट करते थे और ठगी की राशि को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर कर देते थे।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:
1. प्रदुम महानंद (23) - ओडिसा
2. मोहित साहू (20) - बीरेझर, धमतरी
3. अमित जगत (30) - संतोषी नगर, रायपुर
4. धर्मेन्द्र सोनी उर्फ विक्की (31) - कुषालपुर, रायपुर
5. रविराज पाण्डेय (28) - कैलाषपुरी, रायपुर (पूर्व में NDPS और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज)
6. साईमन पैट्रिक रॉक (20) - गोगांव, रायपुर
7. भगवत प्रसाद शुक्ला (28) - तूता, अभनपुर
8. गौरव मच्खंड (24) - जल गृह मार्ग, रायपुर
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि इस ऑपरेशन के ज़रिए साइबर ठगी की जड़ों तक पहुँचा जाएगा और इससे जुड़े नेटवर्क का जल्द ही पूरी तरह भंडाफोड़ किया जाएगा।
0 Comments